फरीदाबाद में हाई वे पर ऑटो चालक ने किए स्टंट ताे पुलिस ने दबाेचा
फरीदाबाद, 26 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर वायरल नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर ऑटो से खतरनाक स्टंट करने के वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने ऑटो का 15 हजार 500 रुपए का चालान काट दिया। साथ ही स्टंट करने वाले युवक से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई गई। वायरल वीडियो में एक युवक नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर ऑटो को बार-बार घुमाकर खतरनाक स्टंट करता दिखाई दे रहा है। स्टंटबाजी के दौरान सडक़ से गुजर रहा एक साइकिल सवार ऑटो की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। यह पूरी घटना रात के समय की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवक ने खुद स्टंट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बिना देरी किए मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। जांच में सामने आया कि ऑटो बडख़ल स्थित बुद्ध कॉलोनी निवासी मधु के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार, ऑटो मालिक का बेटा विकास इस वाहन से स्टंट करता था और सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज़ पाने के लिए वीडियो अपलोड करता था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही ऑटो की नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। कार्रवाई करते हुए ऑटो का 15 हजार 500 रुपए का चालान किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि स्टंट करने वाले युवक विकास के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस का यह भी कहना है कि घटना के समय युवक ने शराब का सेवन किया हुआ था। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर