फरीदाबाद : समाज में शांति, सद्भाव कायम करने में पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी : सतेंद्र गुप्ता
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ
फरीदाबाद, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को फरीदाबाद पुलिस की ओर से पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-21सी में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कार्यालय में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने देश की एकता को मजबूत करने, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए स्वयं को समर्पित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। पुलिस आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव को बनाए रखने के संकल्प को दोहराने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत जैसे विविधताओं वाले देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है। समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने, देशवासियों के बीच आपसी भाईचारे एवं सद्भाव की भावना को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने की शपथ दिलाई। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय वरुण कुमार दहिया व अन्य पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केवल पुलिस आयुक्त कार्यालय ही नहीं, बल्कि फरीदाबाद के विभिन्न पुलिस थानों एवं पुलिस चौकियों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान थाना एवं चौकी प्रभारियों ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने और समाज में एकता, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर