फरीदाबाद : अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, सात आरोपी झारखंड से गिरफ्तार
फरीदाबाद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में अडानी गैस का बिल जमा कराने के नाम पर एपीके फाइल भेजकर 5 लाख 12 हजार 334 रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में झारखंड से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 हजार से अधिक लोगों का डेटा बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। सहायक पुलिस आयुक्त, साइबर अशोक कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सेक्टर-37 निवासी एक बुजुर्ग ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया था। इसमें अडानी गैस का बिल जमा कराने के लिए कहा गया था। मैसेज में चेतावनी दी गई थी कि समय पर बिल जमा नहीं करने पर गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। साथ ही संपर्क करने के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। शिकायतकर्ता ने मैसेज में दिए गए नंबर से संपर्क किया। इसके बाद साइबर ठगों ने उन्हें एक एपीके फाइल भेजी। आरोप है कि फाइल के जरिए ठगों ने उनके मोबाइल को अपने जाल में फंसा लिया और उनके खाते से 5 लाख 12 हजार 334 रुपए निकाल लिए। मामले की जांच के दौरान साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े आरोपियों की पहचान की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए झारखंड से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से लोगों को साइबर ठगी का निशाना बनाते थे। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से 10 हजार से ज्यादा लोगों का डेटा भी मिला है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह डेटा आरोपियों के पास कहां से पहुंचा और इसका इस्तेमाल कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए किया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य माध्यमों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी अब तक कितने लोगों से ठगी कर चुके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर