फरीदाबाद : हमले का बदला लेने के लिए बनाई गैंग, हथियारों सहित गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 10 अगस्त (हि.स.)। भाई पर हुए हमले का बदला लेने के लिए युवक ने दोस्तों के साथ गैंग तैयार कर अवैध हथियारों का जखीरा एकत्रित कर लिया, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले वह पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने युवक सहित उनके तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश कर सभी आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, 4 मैग्जीन, एक कट्टा सहित 30 जिंदा रौंद कारतूस बरामद किए है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के द्वारा किए गए आरोपियों में बसंत, आकाश संजय कालोनी निवासी और पर्वतीय कालोनी निवासी योगेश शामिल है। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि साल 2020 में इस गैंग के मुखिया बसंत के भाई विमल के ऊपर देवेंद्र और योगी नामक युवकों ने फायरिंग कर दी थी । इस दौरान विमल घायल हो गया था। जिसका बदला लेने के लिए बसंत ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर गैंग बना ली। क्राइम एसीपी अमन यादव ने बताया कि 8 अगस्त की रात को क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 की टीम गश्त कर रही थी। टीम को सूचना मिली कि तीन बदमाश सेंट्रल थाना इलाके में ब्रेजा गाड़ी में अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहे है। टीम ने नाकाबंदी करके तीनों को ब्रेजा गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी बसंत के पास से एक देशी पिस्तौल दो मैगजीन 12 जिंदा रौंद कारतूस, आकाश के पास से एक देसी कट्टा 6 जिंदा रौंद, योगेश के पास से एक देसी पिस्तौल दो मैगजीन 12 जिंदा रौंद बरामद किए है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने ये हथियार दूसरे राज्यों से खरीदे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उनको पुलिस ने 4 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे सदस्यों की तलाश की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों से और भी कई खुलासे हो सकते है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर