फरीदाबाद पुलिस ने बिहार से पकड़े पोक्सो के आरोपी
फरीदाबाद, 21 जून (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस ने एक संवेदनशील पोक्सो एक्ट के मामले में कार्रवाई करते हुए बिहार से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पर नाबालिग युवती का यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल करने का आरोप है, जबकि दो अन्य आरोपितों ने उसी वीडियो के आधार पर पीडि़ता से रुपये ऐंठने की कोशिश की थी और वीडियो भेजे थे। अपराध शाखा सेक्टर-16 और महिला थाना सेंट्रल की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। तीनों आरोपियों को रविवार को बिहार से गिरफ्तार कर फरीदाबाद लाया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी कमर राजा (26 वर्ष), मोहम्मद शहनवाज तथा सादमान (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी कमर राजा अपने गांव की मस्जिद में काजी के रूप में कार्य करता था। वर्ष 2022 में उसकी पहचान पीडि़ता से हुई थी। आरोप है कि उसने पीडि़ता के साथ अवैध संबंध बनाए तथा उसकी अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार पीडि़ता को ब्लैकमेल करता रहा और कई बार जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए। वर्ष 2026 में मोहम्मद शहनवाज और सादमान ने कमर राजा को कथित रूप से आपत्तिजनक गतिविधियों के दौरान पकड़ लिया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। मोबाइल फोन में पीडि़ता की अश्लील वीडियो और उसका मोबाइल नंबर मौजूद था। दोनों युवकों ने वीडियो, पीडि़ता को भेजकर उसे बदनाम करने की धमकी दी और 50 हजार रुपये की मांग करते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर 6 जून 2026 को महिला थाना सेंट्रल में पोक्सो एक्ट, आई.टी. एक्ट तथा एक्सटॉर्शन सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान तकनीकी सहायता से आरोपितों के बिहार में होने की जानकारी मिलने पर अपराध शाखा सेक्टर-16 को कार्रवाई में सहयोग के निर्देशित किया गया। निरीक्षक उषा, प्रभारी महिला थाना सेंट्रल के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने बिहार में दबिश देकर पहले कमल राजा को काबू किया फिर उसकी पूछताछ पर मोहम्मद शहनवाज व सादमान को काबू किया गया। जिनसे मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर