फरीदाबाद : फोन हैक कर लाखों की ठगी, खाताधारक सहित चार गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। फोन पर एपीके फाईल भेजकर पौने छह लाख रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुये साइबर थाना एनआईटी की टीम ने खाताधारक सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गौरव व सूरज निवासी वाराणसी उत्तर प्रदेश, दिवाकर निवासी बक्सर बिहार व निशांत निवासी जामताडा झारखंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार गांव सारन फरीदाबाद वासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में दी अपनी शिकायत में बताया कि 26 दिसंबर 2025 को उसके व्हॉट्सएप पर एपीके फाईल आई जिसको डाउनलोड करते ही उसका फोन हैक हो गया और उसके खाता से अलग-अलग ट्राजेक्सनस के जरिए कुल पांच लाख 75 हजार 570 रुपये कट गये। जिस संबंध में साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गौरव खाताधारक है, जिसने अपना खाता सूरज को, सूरज ने आगे दिवाकर को व दिवाकर ने आगे इसे निशांत को दिया था। गौरव बी टेक पास, दिवाकर व निशांत बी टेक की पढाई कर रहे है वहीं सूरज बी फार्मा की पढाई कर रहा है। आरोपितों को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से गौरव, सूरज व दिवाकर को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि निशांत को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर