फरीदाबाद : कुत्ते को मारने के विवाद में पीएफए की महिला सदस्यों को पीटा

 


फरीदाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। एन.एच.-3 स्थित नेहरू कॉलोनी में एक कुत्ते को मारने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में पीपुल्स फॉर एनीमल (पीएफए) एनजीओ की महिला सदस्यों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई। घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीपल फॉर एनिमल एनजीओ की सदस्य हर्षिता ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि, नगर निगम की तरफ से उनके एनजीओ को डॉग सैनिटेशन और उनकी सुरक्षा व नसंबदी का कार्य दिया गया है। पिछले करीब 5 साल से फरीदाबाद में पीपल फॉर एनिमल एनजीओ यह काम कर रहा है। आज नगर निगम की गाड़ी नेहरू कालोनी में 3 नंबर पूलिया के पास से गुजर रही थी। जहां पर उन्होंने देखा कि कुछ लोग हाथों में लाठियां लेकर कुत्ते को मार रहे हैं। उनकी गाड़ी चलाने वाले लोगों ने उनको कॉल करके मामले की सूचना दी। जिसके बाद वह अपने टीम के साथियों के साथ मौके पर पहुंचे , तब तक कुत्ते को मार दिया गया था। उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद महिलाओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। जिसके बाद दर्जन भर लोगों ने उनके ऊपर हमला कर दिया। इस हमले में उसके पति आकाश के सिर में चोट लग गई । जिसको इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हर्षिता ने बताया कि उनकी साथी त्रिशा के साथ महिलाओं ने जमकर मारपीट की है। स्थानीय निवासी गुड्डू ने बताया कि जिस कुत्ते को मारने की बात कही जा रही है, उसने कॉलोनी में कई बच्चों को काट लिया था। उनका कहना है कि पहले मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में एनजीओ के कुछ लोग वहां पहुंचे और विवाद फिर से बढ़ गया। उन्होंने इस मामले की शिकायत सैनिक कॉलोनी पुलिस चौकी में दी है। सैनिक कॉलोनी पुलिस चौकी इंचार्ज नीरज ने बताया कि फिलहाल कॉलोनी के लोगों की ओर से हर्षिता और उनके साथियों के खिलाफ शिकायत दी गई है। मारपीट में हर्षिता के एक साथी को सिर में चोट लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम घायल के बयान लेने के लिए भेजी गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक हर्षिता या उनके साथियों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर