फरीदाबाद : अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस की कार्रवाई, गोदाम से 7270 किलोग्राम पटाखे बरामद

 


फरीदाबाद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। त्यौहारों के दौरान अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने पुराना खेड़ी रोड पर स्थित एक गोदाम पर रेड कर वहां से 7,270 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने गोदाम संचालक हेमंत वधवा निवासी सैयदवाड़ा, ओल्ड फरीदाबाद को काबू किया है। वह पटाखों के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस और परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना बीपीटीपी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अवैध रूप से पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध स्थानों पर औचक निरीक्षण करने के निर्देशों के तहत अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने सूचना एवं जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुराना खेड़ी रोड पर स्थित एक गोदाम की जांच की। पुलिस टीम ने गोदाम संचालक हेमंत वधवा की उपस्थिति में गोदाम के कमरों की तलाशी ली, जहां पर भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे हुए पाए गए। पुलिस ने संचालक से पटाखों के भंडारण और बिक्री के लिए वैध लाइसेंस एवं परमिट मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान गोदाम के दो कमरों में अलग-अलग ब्रांड के पटाखे पेटियों और खुले रूप में रखे मिले। पुलिस टीम ने पूरी बरामदगी को नियमानुसार अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि संचालक ने उक्त गोदाम किराये पर लिया हुआ था। उसके पास पहले पटाखे बेचने का लाइसेंस था, जो कि 2025 में समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद उसने झज्जर और रोहतक क्षेत्र से पटाखे खरीदकर गोदाम में भंडारण किया हुआ था। पुलिस टीम द्वारा अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि पटाखों की खरीद, भंडारण और बिक्री से संबंधित तथ्यों का पता लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर