फरीदाबाद : इतिहास को याद रखने वाला राष्ट्र ही बनता है मजबूत व आत्मनिर्भर : रक्षा निखिल खडसे

 


शहीद दिवस पर भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को नमन, शहीदों की याद में निकली पदयात्रा, युवाओं में दिखा देशभक्ति का जोश

फरीदाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से ने युवाओं को संबोधित करते हुए देश के शहीदों के बलिदान को स्मरण करने और उनके विचारों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। वे सोमवार को माय भारत द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित ‘मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी’ पदयात्रा कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितजनों को संबोधित कर रही थी। इस मौके पर उनके साथ हरियाणा सरकार के युवा एवं खेल मंत्री गौरव गौतम, विधायक धनेश अदलखा, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी मौजूद रही। यह पदयात्रा के.एल. मेहता दयानंद कॉलेज से प्रारंभ होकर एनआईटी 05 डीसीपी ऑफिस के सामने से शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद भगत सिंह चौक तक पहुंची। पदयात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान हजारों युवाओं ने अनुशासित ढंग से आगे बढ़ते हुए शहीदों को नमन कर और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया। रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि शहीद दिवस हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इसी दिन हम देश के महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र अपने इतिहास को याद रखता है, वही राष्ट्र मजबूत और आत्मनिर्भर बनता है। इसलिए युवाओं का अपने देश के इतिहास और महापुरुषों के विचारों से जुडऩा अत्यंत आवश्यक है। रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि इसी उद्देश्य से देशभर में पदयात्राओं, युवा कार्यक्रमों और जनजागरण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि युवाओं के बीच एकता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई माय भारत पहल के माध्यम से देशभर के युवाओं को एक मंच पर जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल का लक्ष्य है कि युवा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करें और अपने कौशल तथा ऊर्जा को देश के विकास में लगाएं। रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर उन्होंने महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर