विकास चौधरी हत्याकांड के वांछित गैंगस्टर को अमेरिका से फरीदाबाद लाएगी पुलिस

 


फरीदाबाद-पलवल में 12-12 मामले दर्ज, भारत लाएगी फरीदाबाद पुलिस

फरीदाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद के कांग्रेसी नेता विकास चौधरी की हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को भारत लाने की उम्मीद बढ़ गई है। अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ने 22 अक्टूबर को लास वेगास क्षेत्र में नीरज और गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को हिरासत में लिया था। इसकी जानकारी सामने आने के बाद हरियाणा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया में जुट गई हैं। अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क साधा जा रहा है। फरीदाबाद पुलिस पहले ही नीरज के प्रत्यार्पण के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को सिफारिश भेज चुकी है। एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने शनिवार को बताया कि नीरज को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली है। पुलिस इस मामले में और जानकारी जुटा रही है। गौरतलब है कि नीरज फरीदपुरिया पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर अपराधों के 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें फरीदाबाद और पलवल में करीब 12-12 मामले बताए जा रहे हैं। पुलिस को कई मामलों में उसकी तलाश है। विदेश में रहने के दौरान भी उसके नाम से रंगदारी मांगने की शिकायतें सामने आती रही हैं। 26 जून 2019 को फरीदाबाद में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के दौरान नीरज फरीदपुरिया का नाम सामने आया था। अब अमेरिका में हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद जांच एजेंसियों की नजर उसे भारत लाने की प्रक्रिया पर है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर