फरीदाबाद : मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के बहाने ठगी, आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 03 जून (हि.स.)। मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलवाने के नाम पर 5.80 लाख रुपए की ठगी किए जाने के मामले में थाना छांयसा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव अरूआ निवासी भारत ने थाना छायंसा में शिकायत दी थी कि उसके परिचित बंटी निवासी गांव शाहजहांपुर खादर ने शिकायतकर्ता को मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलवाने का भरोसा दिलाकर 5 लाख 80 हजार रुपए लिये। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई। इस पर शिकायतकर्ता ने थाना छायंसा में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।जांच में सामने आया कि आरोपित खुद मर्चेंट नेवी में कार्यरत है तथा शिकायतकर्ता का परिचित था। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर शिकायतकर्ता को मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और उससे 5 लाख 80 हजार रुपए ठग लिये। उसने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपए नगद लिये थे तथा 4 लाख 80 हजार रुपए खाते में ट्रांसफर करवाये थे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर