फरीदाबाद : नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती : प्रतीक अग्रवाल

 


पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ ने 25 गांवों के सरपचों व पंचों के साथ की गोष्ठीफरीदाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को मजबूत करना तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने सोमवार को थाना छांयसा क्षेत्र के 25 गांवों के सरपंचों व पंचों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ ने उपस्थित सरपंचों एवं गणमान्य व्यक्तियों से सीधा संवाद स्थापित किया तथा कहा कि गांवों में कानून व्यवस्था स्थापित करने एवं अपराध पर अंकुश लगाने में पुलिस विभाग का सहयोग करें। पुलिस प्रशासन हर संभव सहायता के लिये प्रतिबद्ध है। पुलिस उपायुक्त प्रतीक अग्रवाल ने बैठक में मौजूद लोगों को नशे के दुष्प्रभावों एवं बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिये एक गंभीर चुनौती है और इसको जड़ से समाप्त करने के लिये सामूहिक प्रयास की आवश्यकता हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने के लिये प्रेरित किया गया। वहीं, साइबर ठगी से बचाव के लिये भी लोगों को सतर्क व जागरूक रहने बारे जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध पर प्रहार करने का एक सटीक हथियार है। किसी भी अनजान को अपने बैंक खाता से संबंधित सूचना व ओटीपी शेयर ना करें। साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। उन्होंने आगामी 10 मई को गांव साहुपुरा खादर में होने वाले पंचायत चुनाव पर भी बातचीत की गई। उन्होंने साहुपुरा खादर गांव के प्रतिनिधियों से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न कराने के संबंध में सहयोग की अपेक्षा की। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य आमजन व पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करना तथा लोगों के बीच पुलिस की सहयोगी व अच्छी छवि को प्रस्तुत करना रहा। इस मौके पर फरीदाबाद सरपंच एसो. के प्रधान सूरजपाल भूरा सहित अन्य गांवों के सरपंचों ने पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल का स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर