फरीदाबाद : मेयर ने जेडटीओ के खिलाफ जांच को लेकर निगमायुक्त को लिखा पत्र

 


फरीदाबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद में प्रॉपर्टी आईडी दुरुस्त कराने के नाम पर कथित रिश्वतखोरी की शिकायतों के बाद नगर निगम में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने एनआईटी जोन के जेडटीओ के खिलाफ जांच कराने के लिए नगर निगम कमिश्नर को पत्र लिखा है। जांच पूरी करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। मेयर के मुताबिक प्रॉपर्टी आईडी में सुधार कराने के लिए लोगों से रिश्वत मांगने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कई लोगों ने इस संबंध में लिखित शिकायतें मेयर और नगर निगम कमिश्नर को भेजी हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मेयर ने स्वतंत्र जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति को 10 दिनों के भीतर जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट मेयर कार्यालय में सौंपने के लिए कहा गया है। मेयर ने कहा कि इस पूरे मामले की जानकारी सरकार को भी भेजी जाएगी। गाजीपुर के रहने वाले सुशील ने सीएम और नगर निगम कमिश्नर को दी शिकायत में कहा कि जेटीओ-3 अशोक ठाकुर और उसके स्टाफ द्वारा लोगों के साथ गलत व्यवहार किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे लेकर गलत कामों को अंजाम दिया जाता है। उनकी प्रापर्टी आईडी को गलत तरीके से किसी दूसरे के नाम करने का प्रयास किया गया। जब वो इसकी जानकारी लेने के लिए निगम के ऑफिस पहुंचे, तो उनसे गलत व्यवहार किया गया।दरअसल, चार वर्ष पहले सरकार ने शहर की प्रॉपर्टी आईडी तैयार कराने के लिए याशी एजेंसी से सर्वे कराया था। एजेंसी ने नगर निगम को करीब साढ़े सात लाख प्रॉपर्टी आईडी सौंपी थीं, लेकिन बाद में इनमें बड़ी संख्या में खामियां सामने आईं। कई लोगों के नाम गलत दर्ज कर दिए गए, जबकि कुछ मामलों में एक ही व्यक्ति के नाम पर कई-कई प्रॉपर्टी आईडी बना दी गईं, जिससे उन्हें अलग-अलग प्रॉपर्टी टैक्स के बिल मिलने लगे। वहीं कई प्रॉपर्टी आईडी में पड़ोसियों के नाम दर्ज होने जैसी गंभीर त्रुटियां भी सामने आईं। इन गलतियों को ठीक कराने के लिए नागरिक लंबे समय से नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं। इससे पहले भी मेयर की शिकायत पर नगर निगम के एक कार्यकारी अभियंता को राज्य सरकार द्वारा निलंबित किया जा चुका है। नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर