फरीदाबाद : 12 साल से फरार हत्याराेपी दाे सगे भाई गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 30 अक्टूबर (हि.स.)। हत्या के मामले में 12 साल से फरार चल रहे दो सगे भाइयों को क्राइम ब्रांच सेंट्रल और थाना तिगांव की टीमों ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप तथा विजय कुमार निवासी गांव सिढौला, वर्तमान निवासी खोरी, तावडू, मेवात के रूप में हुई है। इस मामले में इनके दो अन्य भाइयों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बताया कि वर्ष 2014 में थाना तिगांव क्षेत्र के गांव सिढौला में लड़ाई-झगड़े के दौरान सुमित नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना तिगांव में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही संदीप और विजय कुमार गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे। लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचने के चलते दोनों को न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी (पीओ) घोषित किया गया था। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए फरीदाबाद पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं। पुलिस टीमें मेवात, पलवल, भिवाड़ी और गुरुग्राम सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान 29 अक्टूबर को पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने संदीप को अदालत परिसर सेक्टर 12 से गिरफ्तार किया, जबकि थाना तिगांव की टीम ने विजय कुमार को पलवल के हरफली गांव से काबू किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि हत्या के मामले के बाद दोनों आरोपी फरीदाबाद से फरार हो गए थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलकर रह रहे थे। संदीप पिछले कुछ समय से खोरी गांव में रहकर बेलदारी करने के साथ ऑटो चलाने का काम कर रहा था, जबकि विजय कुमार राजमिस्त्री का काम कर रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर