फरीदाबाद : 12 साल से पुलिस को चकमा दे रहा हत्यारोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 11 अगस्त (हि.स.)। हत्या के मामले में पिछले करीब 12 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को थाना तिगांव पुलिस ने बल्लभगढ़-सोहना मार्ग स्थित गांव लाला खेड़ली से काबू किया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राजकुमार निवासी गांव सिडोला, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2014 में गांव सिडोला निवासी एक युवक की हत्या के मामले में वांछित था और वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। आरोपी को मंगलवार न्यायालय में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 5 अक्टूबर 2014 को गांव सिडोला निवासी सुमित के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। घटना के संबंध में थाना तिगांव में आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी बीर सिंह, नारायण, सुशील और तेजवीर को गिरफ्तार कर लिया था। इनके खिलाफ जांच पूरी कर न्यायालय में चालान पेश किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान 31 अगस्त 2016 को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्रीमती कंचन माही की अदालत ने चारों आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, मामले में आरोपी राजकुमार की गिरफ्तारी उस समय नहीं हो सकी थी। वह वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। उन्होंने आगे बताया कि फरीदाबाद पुलिस द्वारा लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। थाना तिगांव पुलिस टीम को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण गुप्त सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने सूचना को विकसित करते हुए तकनीकी सहायता की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के राजस्थान के भिवाड़ी में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद थाना तिगांव पुलिस टीम वहां पहुंची परंतु आरोपी वहां पर नहीं मिला। जिसके उपरांत तकनीकी सहायता से राजकुमार को बल्लभगढ़-सोहना मार्ग स्थित गांव लाला खेड़ली से काबू किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या की वारदात के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरीदाबाद से फरार हो गया था। इसके बाद वह पिछले करीब 12 वर्षों से अपने परिवार के साथ भिवाड़ी, राजस्थान में रह रहा था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह भिवाड़ी में अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए एक निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। थाना तिगांव पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से हत्या के मामले से संबंधित तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर