फरीदाबाद : एचआर मैनेजर के हत्यारोपी मुठभेड़ के बाद काबू, पैर में लगी गोली

 


फरीदाबाद, 08 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर 62 में एचआर मैनेजर लक्ष्मण (45) के दो हत्यारोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद पकडऩे में सफलता हासिल की है। आरोपियों को पकडऩे के दौरान क्राइम ब्रांच और आरोपियों के बीच में गुरुवार तडक़े मुठभेड़ हुई। जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। मौके से एक देसी पिस्टल भी बरामद की है। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। क्राइम ब्रांच को बुधवार को देर रात सूचना मिली थी कि लक्ष्मण हत्याकांड में वांछित आरोपी सेक्टर-62 स्थित सीवर पाइप के गोदाम में छिपे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने गोदाम की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने वहां से भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, भागने के दौरान आरोपी तरुण उर्फ नवीन निवासी ऊंचा गांव ने टीम पर दो फायर किए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तरुण के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से काबू कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल बरामद की। वहीं, तरुण के साथ मौजूद आरोपी जतिन को भी पुलिस ने सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया। लक्ष्मण हत्याकांड में क्राइम ब्रांच तीन अन्य आरोपियों प्रशांत, नमन और आकाश को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तरुण और जतिन की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है। गौरतलब है कि चार अक्टूबर की रात शाहपुर निवासी लक्ष्मण अपने भतीजे महेश के साथ केले खरीदने गया था। रिंकू चाट की दुकान चलाने के साथ फल भी बेचता है। लक्ष्मण ने उससे एक दर्जन केले लिए, जिसकी कीमत रिंकू ने 100 रुपए बताई। इसी रकम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के बाद रिंकू ने अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि आरोपियों ने लक्ष्मण और उसके भतीजे महेश पर हमला कर दिया। हमले में लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महेश घायल हो गया और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर