फरीदाबाद : गोदाम में सो रहे ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

 


फरीदाबाद, 22 मई (हि.स.)। फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र स्थित गाजीपुर इलाके में गुरुवार देर रात एक राख पैकिंग गोदाम में सो रहे युवक की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय योगेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और गोदाम में ठेकेदारी का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना शुक्रवार सुबह डबुआ थाना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संगम दहिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में सामने आया कि योगेश कुमार गुरुवार देर रात बिहार से कुछ मजदूरों को लेकर गोदाम पर पहुंचा था। मजदूरों के साथ खाना खाने के बाद सभी लोग रात को अलग-अलग स्थानों पर सो गए थे। योगेश गोदाम परिसर में खाट पर सो रहा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने योगेश के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोदाम में मौजूद अन्य मजदूरों ने पुलिस को बताया कि रात में उन्हें पटाखा चलने जैसी आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उन्होंने उस पर ध्यान नहीं दिया। सुबह जब मजदूर उठे तो उन्होंने योगेश को खाट पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। डबुआ थाना प्रभारी संगम दहिया ने बताया कि गोदाम में करीब 15 से 25 मजदूर रहते हैं और सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि देर रात गोदाम में कौन आया था और हत्या के पीछे क्या कारण हो सकता है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर