फरीदाबाद पुलिस की मध्यप्रदेश के पत्थर गैंग से हुई मुठभेड़,पांच गिरफ्तार
फरीदाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच की मध्य प्रदेश के पत्थर गैंग से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की क्रॉस फायरिंग में दो बदमाशों को गोली लगी है। भागने की कोशिश कर रहे इनके पांच साथियों को भी पुलिस ने दबोच लिया है। क्राइम ब्रांच अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों ने टीम को देखते ही उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। अभी बदमाशों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राइमरी इन्वेस्टिगेशन में सामने आया है कि सातों बदमाश मध्य प्रदेश से आकर फरीदाबाद में घरों में लूट करते थे। इन्होंने कई घटनाओं को अंजाम दिया है। अभी सभी के क्रिमिनल रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम को रविवार को गिरोह के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र में गांव सोतई की ओर जाने वाले रास्ते पर बदमाशों को घेर लिया। पुलिस टीम को सामने देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने टीम पर कई राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें काबू में लेकर इलाज के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया। मुठभेड़ के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह मध्य प्रदेश का रहने वाला है और फरीदाबाद क्षेत्र में चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की अन्य वारदातों और सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दिन में घरों की रेकी करते थे और रात में मौका देखकर चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। घर में लोगों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए आरोपी पत्थर फेंकते थे। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वे घर में घुसने की कोशिश करते थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चोरी समेत अन्य आपराधिक मामलों में पहले भी केस दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर