फरीदाबाद : मोबाइल टावर लगाने का विरोध, वापस लेकर लौटे कर्मचारी
फरीदाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। बल्लभगढ़ में हरि विहार में मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाने को लेकर रविवार को हंगामा हो गया। टावर लगाने का सामान पहुंचने की सूचना मिलते ही गली नंबर-17 के लोग एकत्रित हो गए और काम का विरोध शुरू कर दिया। लोगों के बढ़ते विरोध को देखते हुए कंपनी के कर्मचारियों को टावर लगाने का सामान वापस गाड़ी में लादकर ले जाना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सामान वापस ले जाने के बाद मामला शांत हो गया। स्थानीय निवासी जगदीश, हरिचंद बघेल और महिला रेखा ने बताया कि वे पिछले करीब एक सप्ताह से मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाने का विरोध कर रहे हैं। रविवार की सुबह उन्हें पता चला कि टावर लगाने का सामान पहुंच गया है। इसके बाद गली नंबर-17 के लोग एकत्रित हो गए और विरोध जताया। लोगों का कहना है कि मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां होने का डर है। इसी आशंका के चलते वे अपने इलाके में टावर नहीं लगने देना चाहते। लोगों के अनुसार, मकान मालिक शहंशाह ने अपना मकान किराए पर दिया हुआ है। विरोध के दौरान मकान मालिक से बात हुई तो उन्होंने बताया कि कंपनी को टावर लगाने से मना कर दिया गया है। इसके बाद सामान वापस भेजा जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कंपनी के कर्मचारी सामान वापस लेकर चले गए, जिसके बाद हालात सामान्य हो गए। मोबाइल टावर से रेडियोफ्रीक्वेंसी यानी रेडियो तरंगों के रूप में विद्युत चुंबकीय ऊर्जा निकलती है। इसे गैर-आयनीकरण विकिरण कहा जाता है। यह एक्स-रे जैसी आयनीकरण विकिरण से अलग होता है। बहुत अधिक तीव्रता पर रेडियोफ्रीक्वेंसी ऊर्जा शरीर के ऊतकों को गर्म कर सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर