फरीदाबाद : जनौली में दस एकड भूमि पर बने भव्य डाईट भवन में शुरू की जाए आईटीईपी : रघुबीर तेवतिया

 


पृथला विधायक ने विधानसभा-सत्र में उठाया जनौली में बंद डाईट के स्थान पर आईटीईपी खोलने का मुद्दाफरीदाबाद, 24 फरवरी (हि.स.)। पृथला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने हरियाणा विधानसभा-सत्र के चालू बजट-सत्र में पृथला क्षेत्र में शिक्षा का मुद्दा बुलंद आवाज में उठाया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के समक्ष जनौली गांव में बंद पडी डाइट का मुद्दा उठाते हुए यहां इंटीग्रेटिड टीचर एज्यूकेशन प्रोग्राम(आईटीईपी) शुरू किए जाने की मांग की। उन्होंने सरकार को याद दिलाया कि जब हरियाणा के 3 अन्य जिलों में इसी तरह की बंद हुई डाईट के स्थान पर आईटीईपी शुरू की जा सकती है, तो फिर उनके गांव जनौली के साथ भेदभाव क्यों? विधायक रघुबीर तेवतिया ने मंगलवार काे सदन में कहा कि 2009 से 2014 तक विधायक रहते हुए मैने उस समय के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में पृथला क्षेत्र के जनौली में सरकारी डाईट केन्द्र खुलवाया था, जिसके लिए गांव जनौली ने 16 एकड़ जमीन दी थी। इसमें से 10 एकड़ पर डाईट के लिए डबल स्टोरी सुंदर बडा भवन बनाया गया तथा 6 एकड़ खेल स्टेडियम के लिए छोडी गई और यहां सरकार ने जेबीटी की कक्षाएं शुरू की थीं लेकिन बडा दुख: का विषय है कि मौजूदा सरकार ने अब यहां जेबीटी की कक्षाएं बंद कर दी हैं। उन्होंने मांग की कि जनौली की इस बिल्डिंग में आईटीईपी शुरू की जा सकती है या फिर यहां सरकारी कॉलेज या नार्सिंग कॉलेज या फिर पीटीआई के लिए बीपीएड व ड्राइंग टीचर के लिए बीएफए की कक्षांए शुरू की जाएं जिससे कि इस क्षेत्र के बच्चों को लाभ हो सके। जनौली से पलवल शहर मात्र कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर है, इसलिए नार्मस के अनुसार सरकारी कॉलेज नहीं बनाया जा सकता, लेकिन दूसरी कोई अन्य योजना पर विचार किया जाएगा, इसलिए अब यहां आईटीईपी शुरू करने में सरकार को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव की दी हुई अरबों की जमीन का हक क्षेत्र के युवाओं को मिले। वहीं विधायक तेवतिया द्वारा मुद्दा उठाए जाने पर सदन में मौजूद शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सरकार की ओर से आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने भारत सरकार को पत्र लिखा हुआ है, जैसे ही वहां से मंजूरी मिलती है आपकी इस योजना को अम्लीजामा पहनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर