फरीदाबाद : मैट्रिमोनियल साइट के जरिए युवती से लाखों की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार
फरीदाबाद, 25 मार्च (हि.स.)। मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से शादी का झांसा देकर और गिफ्ट भेजने के बहाने युवती से लाखों रुपए की ठगी करने के आरोप में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि तिगांव निवासी एक युवती ने साइबर थाना बल्लभगढ में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसने मैट्रिमोनियल साइट शादी डॉट कॉम पर अपनी प्रोफाइल बनाई हुई है। सात अक्टूबर 2025 को उसके पास एक अंजान नंबर से कॉल आया, जिसने अपने आपको एक लडक़े गौरव का पिता और यूके में रहने के बारे में बताया। जिसने शिकायतकर्ता को कहा कि उसकी प्रोफाइल शादी डॉट कॉम पर देखी है और अपने बेटे गौरव से शादी शिकायतकर्ता से करने के लिये उसके पिता से बात करवाने के लिये कहा। इसके उपरांत 11 अक्टूबर को उसके पास व्हॉसएप पर कथित गौरव का कॉल आया, जिसने कहा कि शिकायतकर्ता बहुत लक्की है, उसकी वजह से उनको बिजनेस में बहुत फायदा हुआ है। फिर उसी दिन शिकायतकर्ता के पास एक अंजान नंबर से कॉल आया, जिसने कहा कि आपके लिये यूके से गौरव ने गिफ्ट भेजे है। जिसके लिये 25 हजार 100 रुपए ड्यूटी चार्ज लगेगा। उसने बताया कि गिफ्ट में एक डायमंड रिंग, छह हजार पोंड कैश, आई फोन, सेमसंग का फोन, सोने की चुड़ियां व डायमंड का नेकलैस है। इन गिफ्टों को प्राप्त करने के लिए शिकायतकर्ता का एक डायमंड कार्ड बनेगा जिसकी कीमत एक लाख 27 हजार रुपये है। इस तरह ठगों द्वारा शिकायतकर्ता को झांसे में लेकर उससे कुल आठ लाख 37 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना बल्लबगढ की टीम ने इस मामले में बिहार से असान अली(28) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ने पूर्व में गिरफ्तार एक खाताधारक महिला का खाता लेकर आगे ठगों को दिया था। आरोपी पीओपी का काम करता है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर