फरीदाबाद : जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाए अधिकारी : नायब सैनी
मुख्यमंत्री से मेयर एवं वित्त एवं संविदा समिति के सदस्यों ने की मुलाकात
फरीदाबाद, 18 जून (हि.स.)। नगर निगम फरीदाबाद की नवगठित वित्त एवं संविदा समिति के सदस्यों ने मेयर प्रवीण बत्रा जोशी के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके आवास कबीर कुटीर, चंडीगढ़ में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर फरीदाबाद शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा नगर निगम की विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने मुख्यमंत्री को नगर निगम फरीदाबाद द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी देते हुए शहर की आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से अमूल्य चंद्र पार्क तथा सेक्टर-88 में आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना, नगर निगम मुख्यालय परिसर में अत्याधुनिक कन्वेंशन हॉल के निर्माण तथा मुझेड़ी एवं प्रतापगढ़ स्थित हॉर्टिकल्चर वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांटों की क्षमता वृद्धि से संबंधित प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मेयर ने बताया कि अमूल्य चंद्र पार्क एवं सेक्टर-88 में प्रस्तावित ई-लाइब्रेरी परियोजनाएं युवाओं, विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए ज्ञान एवं तकनीक आधारित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। वहीं नगर निगम मुख्यालय में प्रस्तावित कन्वेंशन हॉल शहर में बड़े स्तर के सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा सिद्ध होगा। इसके अतिरिक्त मेयर ने मुझेड़ी एवं प्रतापगढ़ में संचालित हॉर्टिकल्चर वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांटों की वर्तमान क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के निरंतर विस्तार के साथ बागवानी एवं हरित अपशिष्ट की मात्रा में भी वृद्धि हो रही है, जिसके प्रभावी एवं वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इन प्लांटों की क्षमता में विस्तार आवश्यक है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा बल्कि स्वच्छ एवं हरित फरीदाबाद के लक्ष्य को भी मजबूती प्राप्त होगी। मेयर ने कहा कि नगर निगम फरीदाबाद प्रदेश सरकार के सहयोग से शहर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर वित्त एवं संविदा समिति के सदस्य मनोज नसवा (पार्षद, वार्ड-16) एवं प्रदीप टेंगर (पार्षद, वार्ड-44) भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर