फरीदाबाद : शिकायतों पर अधिकारी जल्द से जल्द करें समाधान : प्रवीण बत्रा

 


मेयर का अधिकारियों को निर्देश फील्ड में जाकर करें निरीक्षण,तभी समस्याओं का हो सकेगा तुरंत समाधान

फरीदाबाद, 11 मई (हि.स.)। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा सोमवार को आयोजित जनसुनवाई शिविर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। आज इस शिविर में लगभग 60 शिकायतें रखी गई। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में और निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा के मार्गदर्शन में एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में पानी, सीवर, सफाई, सडक़ और अवैध कब्जों से जुड़ी अनेक समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जनसुनवाई के दौरान सेक्टर-45 के निवासियों ने क्षेत्र में पानी की समस्या तथा सीवर लाइन डैमेज होने की शिकायत दर्ज कराई। सेक्टर-81 से आए नागरिकों ने सफाई व्यवस्था और टूटी सडक़ों की समस्या को उठाया। वहीं सैनिक कॉलोनी के निवासियों ने पेयजल आपूर्ति में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी, जिस पर अधिकारियों ने जल्द ही मौके का निरीक्षण कर समाधान करने का आश्वासन दिया। सेक्टर-11 के निवासियों ने अवैध कब्जों की शिकायत रखते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा कई नागरिकों ने प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी समस्याओं को उठाया, जिस पर एडिशनल कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को आज ही जवाब देने और समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में वार्ड-20 में अवैध कमर्शियल गतिविधियों की शिकायत भी सामने आई। एसजीएम नगर के निवासियों के साथ पहुंचे पार्षद मनोज नास्वा ने बताया कि सडक़ निर्माण का वर्क ऑर्डर जारी हुए लगभग आठ महीने हो चुके हैं, लेकिन अभी तक सडक़ का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इस पर एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित विभाग को जल्द से जल्द सडक़ निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। सेक्टर-3 के 36 गज क्षेत्र से गंदा पानी आने की शिकायत भी दर्ज की गई। वहीं एनआईटी क्षेत्र से जग मित्तल ने पानी की समस्या अधिकारियों के सामने रखी। इस मौके पर जॉइंट कमिश्नर गजेंद्र सिंह पीआरओ जोगेंद्र रावत भी उपस्थित रहे। साथ ही पार्षद कुलदीप साहनी, पार्षद मनोज नास्वा, पार्षद दीपक यादव, पार्षद पवन यादव, पार्षद जसवंत सैनी, पार्षद प्रदीप टोंगर तथा वार्ड-20 लिखीराम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनसुनवाई शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर