फरीदाबाद में 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

 


-सोशल मीडिया पोस्ट में दो भाइयों और उनकी पत्नियों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

फरीदाबाद, 27 मार्च (हि.स.)। पल्ला थाना क्षेत्र की नवीन नगर चौकी इलाके में 30 वर्षीय युवक आलम ने गुरुवार देर रात अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।आलम मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले का रहने वाला था। वह फरीदाबाद के पल्ला इलाके स्थित शिव एंक्लेव में किराये के मकान में रह रहा था और मजदूरी का काम करता था। इस घटना की सूचना मिलने पर नवीन नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया।

आत्महत्या करने से पहले आलम ने एक वीडियो बनाकर अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए अपने दो भाइयों शाहरू और आरिफ, तथा उनकी पत्नियों रिफत और नोजी को जिम्मेदार ठहराया है। आलम ने आरोप लगाया कि उसके भाई और उनकी पत्नियां उसे और उसके परिवार को लंबे समय से परेशान कर रहे थे। उसने कहा कि जब वह दूसरे प्रदेश में काम करने जाता है, तो उसके पीछे उसकी पत्नी और बच्चों को प्रताडि़त किया जाता है। जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा था और उसे घर से निकालने तथा मारपीट की धमकियां दी जाती थीं। आलम ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह हर महीने अपनी मां को पैसे भेजता है, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता। उसने मीरगंज थाना, जिला पूर्णिया से अपील करते हुए कहा कि उसकी पत्नी और बच्चों को इंसाफ दिलाया जाए और उन्हें भी जमीन पर रहने का अधिकार मिले।पुलिस ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में कराया गया। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की भी जांच कर रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर