फरीदाबाद : दो दिन से लापता युवक की गला रेतकर हत्या
फरीदाबाद, 04 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में बुधवार सुबह एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना सरूरपुर गांव की है। उसका शव खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। मृतक की पहचान गांव के ही सचिन (22) के रूप में हुई है। वह दो दिन से लापता था। परिवार का कहना है कि उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सचिन के पिता जगबीर ने बताया कि वे सरूरपुर के श्याम नगर में रहते हैं। सुबह एक युवक उनके पास आया और सूचना दी कि सचिन का शव खेत में पड़ा है। वह मौके पर पहुंचे तो सचिन के गले पर चोट के निशान थे। सचिन सोमवार से लापता था। वह एक कंपनी में काम करता था और अविवाहित था। पिता ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। सचिन की बड़ी बहन ने बताया कि वह किसी से लड़ाई-झगड़ा नहीं करता था। हालांकि, उसे शराब पीने की आदत थी। उन्हें नहीं पता कि सचिन की हत्या किसने की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आरोपियों ने उनका इकलौता भाई छीन लिया। मौके पर पहुंचे एक पड़ोसी ने बताया कि सचिन किसी से लड़ाई नहीं करता था। उसका स्वभाव बहुत अच्छा था। किसी को भी समझ नहीं आ रहा कि किसने उसकी हत्या की। अगर शराब पीकर उसका किसी से झगड़ा भी हुआ होगा तो इतनी बेरहमी से गला नहीं काटना चाहिए था। मुजेसर थाना प्रभारी पुरन सिंह ने कहा- सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीमें भी लगी हुई हैं। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। अभी कारणों का पता नहीं लग पाया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर