फरीदाबाद : ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

 

फरीदाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। दयालबाग चौकी क्षेत्र स्थित मेवला महाराजपुर रेलवे फाटक के पास सोमवार को एक रेलवे ट्रैक पार करते समय एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इसकी सूचना तुरंत जीआरपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रेलवे ट्रैक से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। जीआरपी थाना से पहुंचे सब-इंस्पेक्टर धनीराम ने बताया कि सुबह ओल्ड फरीदाबाद कंट्रोल रूम को एक ट्रेन के लोको पायलट और स्थानीय लोगों के माध्यम से सूचना मिली थी कि मेवला महाराजपुर रेलवे फाटक के पास एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां करीब 40 से 45 वर्ष आयु के एक व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक पर 2 हिस्सों में पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक अक्सर रेलवे फाटक के आसपास नशे की हालत में घूमता रहता था। इसी आधार पर माना जा रहा है कि वह नशे की हालत में ट्रैक पार करने लगा और तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। सब-इंस्पेक्टर धनीराम ने बताया कि फिलहाल शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। यदि 72 घंटे के भीतर उसकी पहचान नहीं होती है, तो नियमानुसार पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस उसकी अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करेगी। साथ ही पहचान के लिए आसपास के थानों और अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर