फरीदाबाद : पुरानी रंजिश में कुल्हाड़ी से काटकर युवक की हत्या
फरीदाबाद, 09 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र अंतर्गत सेहतपुर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच गुरुवार देर रात हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी हमले में वली मोहम्मद नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से लहूलुहान अवस्था में वली मोहम्मद को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर