फरीदाबाद : आगरा नहर से मिला व्यक्ति का शव मिला
फरीदाबाद, 14 जून (हि.स.)। गांव एत्मादपुर के पास आगरा नहर में छलांग लगाने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति का शव पुलिस ने रविवार को आईएमटी के पास नहर से बरामद कर लिया। मृतक की पहचान सेक्टर-31 स्थित बंगाल शूटिंग निवासी जगबीर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जगबीर शनिवार रात करीब आठ बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएंगे। इसके बाद वह गांव एत्मादपुर के पास पहुंचे और आगरा नहर में छलांग लगा दी। वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें नहर में कूदते हुए देखा और तुरंत इसकी सूचना उनके स्वजन को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्वजन उनकी तलाश में जुट गए। काफी तलाश के बाद उनका शव रविवार को आईएमटी के पास नहर से बरामद हुआ। जगबीर एक फैक्ट्री में हेल्पर के रूप में कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर