फरीदाबाद : पुलिस बूथ के अंदर युवक से मारपीट, बेहोशी की हालत में छोडक़र फरार हुए आरोपी

 


फरीदाबाद, 19 नवंबर (हि.स.)। शहर में कानून व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। एनएचपीसी पुलिस बूथ के अंदर एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि युवक की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

दयाल नगर निवासी युवक हीरालाल का आरोप है कि दो लोग उसे बुढिय़ा नाले के पास से अपने साथ पुलिस बूथ के अंदर ले गए और वहां उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गया। आरोप है कि इसके बाद दोनों व्यक्ति उसे बूथ के अंदर ही छोडक़र फरार हो गए। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे उपचार के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित हीरालाल के अनुसार, वह कार पेंटर का काम करता है। बुधवार रात वह काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बुढिय़ा नाले के पास दो लोगों ने उसे आवाज देकर बुलाया। इसके बाद दोनों उसे अपने साथ एनएचपीसी पुलिस बूथ के अंदर ले गए। युवक का आरोप है कि बूथ के अंदर पहुंचते ही दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों ने उसे इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। पीड़ित के काफी देर तक घर नहीं पहुंचने और घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसकी तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे। वहां युवक को घायल अवस्था में देखकर परिजन उसे तुरंत बीके अस्पताल लेकर गए, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर