फरीदाबाद : सास-बहू से चाकू के बल पर लूटपाट करने वाला डिलीवरी बॉय गिरफ्तार
फरीदाबाद, 29 अगस्त (हि.स.)। ग्रीनफील्ड कॉलोनी में एक घर में घुसकर महिला और उसकी सास को चाकू दिखाकर सोने के आभूषण लूटने वाले आरोपी डिलीवरी बॉय को अपराध शाखा सेक्टर-48 व एनआईटी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान वीरप्रताप सिंह (24) निवासी गणपति कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने बताया कि 28 अगस्त को ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 अगस्त को कथित डिलीवरी बॉय घर के अंदर घुस गया और चाकू दिखाकर शिकायतकर्ता तथा उसकी सास को भयभीत कर उनके सोने के आभूषण लूटकर मौके से फरार हो गया। महिला की शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी वीरप्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है और वह पहले भी शिकायतकर्ता के घर पर कई बार पार्सल डिलीवर करने के लिए आ चुका था। आरोपी को जानकारी थी कि घर पर अक्सर महिलाएं ही मौजूद रहती हैं। आरोपी ने बताया कि उसने, 26 अगस्त की सुबह पार्सल डिलीवरी के बहाने घर पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आरोपी ने देखा कि उस समय घर पर कोई पुरुष मौजूद नहीं था और केवल महिलाएं ही थी। इसके बाद वह दोबारा लूट की नीयत से घर पहुंचा और चाकू के बल पर शिकायतकर्ता तथा उसकी सास से सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गया। पुलिस टीम, आरोपी से गहन पूछताछ कर लूटे गए आभूषणों की बरामदगी तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू के संबंध में कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर