कोरियन बॉक्सर को हरा फरीदाबाद के लोकेश ने जीता सिल्वर मेडल
फरीदाबाद, 11 अप्रैल (हि.स.)। मंगोलिया के उलानबातर में आयोजित हुई एशियन बॉक्सिंग एलीट बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में फरीदाबाद के गांव डीग के युवक लोकेश ने कोरिया के बॉक्सर को हराते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। लोकेश ने 80-85 किलोग्राम वर्ग भार में जीत हासिल की है। लोकेश ने भारतीय सेना की तरफ से इसमें भाग लिया था। वह अभी सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे है। लोकेश ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि मंगोलिया के उलानबातर शहर में एशियन बॉक्सिंग एलीट बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। यह चैंपियनशिप 28 मार्च को शुरू हई जो 11 अप्रैल तक चली। इसमें अलग-अलग देशों के बॉक्सरों ने भाग लिया। चैंपियनशिप में मेन एंड वूमेन दोनो शामिल रहे। लोकेश ने बताया कि 85 वर्ग किलोभार में उन्होंने कोरिया के बॉक्सर को हराकर तीसरी पोजिशन हासिल की और सिल्वर मेडल हासिल किया। इससे पहले लोकेश ने तीन महीने पहले 9वीं एलीट मेन एंड वूमेन नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। 6 दिवसीय चैंपियनशिप का आयोजन नोएडा में किया गया था। इसमें पूरे देश से अलग-अलग राज्यों से आकर करीब 32 टीमों ने भाग लिया। इसका आयोजन स्पोट्र्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के द्वारा कराया गया था। गोल्ड मेडलिस्ट लोकेश ने बताया कि 2012 में उन्होंने बॉक्सिंग की प्रेक्टिस करने की शुरूवात की। उन्होंने बॉक्सिंग को आपने पापा नाहर सिंह का सपना पूरा करने के लिए चुना, उनके पिता पेशे से वेटरनरी डॉक्टर रहे है। साल 2015 में वह भारतीय सेना में भर्ती हो गए। जिसके बाद सेना के स्पोट्र्स कोटे से खेलते हुए, वो यहां तक पहुंचे है। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला इंटरनेशनल मुकाबला था। लोकेश के भाई सूरत चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 अप्रैल को लोकेश गांव डीग में पहुंच जाएगा। जिसके लिए स्वागत समारोह का आयोजन परिवार के द्वारा किया जा रहा है। लोकेश की इस कामयाबी पर पूरे परिवार और गांव के लोगों को गर्व है। उसने अपने देश का नाम रोशन किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर