फरीदाबाद : दो दिन से लापता युवक का शव रेलवे ट्रैक से मिला

 


फरीदाबाद, 31 मार्च (हि.स.)। सराय थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलने के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश शुरू की। करीब दो दिन बाद मृतक की पहचान सतीश के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद जीआरपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक सतीश की मां ने मंगलवार को बताया कि 28 मार्च को दिन में उनका बेटा सतीश घर आया था। घर आने के बाद उसने उनसे कहा कि मां खाना बना दो। जब वह खाना बनाने के लिए रसोई में चली गईं तो सतीश दूसरे कमरे में बैठा हुआ था। करीब एक घंटे बाद वह कब घर से बाहर निकल गया, उन्हें इसका पता ही नहीं चला। सतीश अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोडक़र चला गया था। मां ने बताया कि जब काफी देर तक सतीश वापस घर नहीं आया तो उन्होंने आसपास के इलाकों में उसे ढूंढने की काफी कोशिश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद सोमवार को वह सराय थाना में अपने बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं। शिकायत दर्ज होने के कुछ समय बाद ही उन्हें सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर मिले एक युवक के शव की पहचान करनी है। जब वह मौके पर पहुंचीं और शव देखा तो उन्होंने उसकी पहचान अपने बेटे सतीश के रूप में की। सतीश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार, सतीश सेहतपुर इलाके में रेहड़ी लगाकर गोलगप्पे बेचने का काम करता था। वह अपनी मां के साथ सेहतपुर में किराए के मकान में रहता था। सतीश की अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार में उसकी मां के अलावा एक और भाई है, जो गांव में रहता है। सतीश के जीजा विनोद ने बताया कि उन्हें भी पुलिस की तरफ से फोन कर घटना की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलने के बाद वह गांव से फरीदाबाद पहुंचे। यहां आने के बाद उन्हें पूरे मामले के बारे में जानकारी मिली। ओल्ड फरीदाबाद जीआरपी थाना के एएसआई संजय कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि सतीश रेलवे ट्रैक पर कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर