फरीदाबाद : पंखे से फंदा लगाकर युवती ने की आत्महत्या
फरीदाबाद, 24 फरवरी (हि.स.)। ओल्ड फरीदाबाद स्थित संत नगर कॉलोनी में सोमवार देर शाम एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोडक़र युवती के शव को पंखे से नीचे उतरवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मृतका शिवानी अपने पिता के साथ संत नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला बताया जा रहा है। शिवानी एक निजी कंपनी में काम करती थी और रोजाना सुबह काम पर जाती थी तथा शाम को घर लौटती थी। उसके पिता भी एक कंपनी में काम करते हैं और सुबह घर से निकल जाते हैं। उसी मकान में साथ वाले कमरे में रहने वाले पड़ोसी विजय ने बताया कि शाम को गली में किसी व्यक्ति का फोन आया कि साथ वाले कमरे में रहने वाली शिवानी ने फांसी लगा ली है। जब वह ऑफिस से घर पहुंचे तो देखा कि पुलिस मौके पर मौजूद थी और कमरे का दरवाजा तोडऩे की कोशिश की जा रही थी। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी मशक्कत के बाद जब दरवाजा तोड़ा गया तो शिवानी कमरे के अंदर पंखे से चुन्नी के सहारे फंदे पर लटकी हुई मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर सिविल अस्पताल भेज दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर