फरीदाबाद : शादी का दबाव बनाने पर की युवती की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 26 अगस्त (हि.स.)। शादी का दबाव बनाने पर युवक द्वारा युवती की हत्या कर शव को आगरा कैनाल में फैंकने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभी तक मृतक युवती की लाश बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी है। आरोपी को बुधवार अदालत में पेश किया, जहां से उसे आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार संजय कॉलोनी निवासी एक महिला ने थाना मुजेसर में शिकायत दी थी कि उसकी 20 वर्षीय बेटी निशा एक अगस्त को ऑफिस की मीटिंग के सिलसिले में कोलकाता गई थी। युवती ने परिजनों को फोन कर बताया था कि वह अगली सुबह तक घर वापस आ जाएगी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंची और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। शिकायतकर्ता ने हरिओम नामक युवक पर उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का शक जताया था। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच अपराध शाखा डीएलएफ ने करते हुए आरोपित हरिओम निवासी थंथारी, पलवल को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित हरिओम की निशा से वर्ष 2022 में जान-पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपित ने निशा की शादी अपने भाई के साथ करवा दी थी। शादी के कुछ समय बाद निशा और उसके पति के बीच अनबन रहने लगी, जिसके चलते वह अपने मायके वापस आ गई। इसके बाद आरोपित हरिओम ने निशा को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिस संबंध में निशा द्वारा आरोपित के खिलाफ वृंदावन मथुरा में मामला दर्ज कराया गया था और उसको पुलिस ने गिरफ्तार कर वर्ष 2024 में जेल भेज दिया था, वह जनवरी, 2025 में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पूछताछ में आगे सामने आया कि जेल से आने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। निशा, आरोपित पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। एक अगस्त को वह निशा को अपने साथ हरिद्वार ले गया तथा चार अगस्त को वह उसके साथ फरीदाबाद वापस आया और उसी रात उसने अपने साथी के साथ मिलकर डीग पुल के पास निशा की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को आगरा कैनाल नहर में फेंक दिया। पुलिस द्वारा मामले में आरोपित के साथी की भूमिका सहित हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई है तथा डेड बॉडी की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर