फरीदाबाद : विद्यार्थियों को स्मार्ट कक्षाएं और अनुभवात्मक शिक्षा का मिल रहा लाभ : विकास गुप्ता

 


आयुक्त विकास गुप्ता ने खंदावली विद्यालय में जीव विज्ञान प्रयोगशाला का किया उद्घाटनफरीदाबाद, 25 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के आयुक्त विकास गुप्ता ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खंदावली और जवाहर नवोदय विद्यालय, मोठूका, बल्लभगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सीईओ जिला परिषद शिखा भी मौजूद रही। यह निरीक्षण प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और शैक्षणिक गुणवत्ता के आकलन के उद्देश्य से आयोजित किया। केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त विकास गुप्ता ने बुधवार काे खंदावली गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में नवनिर्मित जीवविज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन रिबन काटकर किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त विकास गुप्ता ने विद्यालय में संचालित लेप कार्यक्रम, शिक्षक प्रशिक्षण गतिविधियों तथा एनएसक्यूएफ शिक्षा की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण-पद्धतियों की सराहना की। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों को निरंतर प्रशिक्षण एवं अद्यतन ज्ञान के माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय की सभी कक्षाओं का भी भ्रमण किया। कक्षा-कक्षों में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित किया तथा अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य-निष्ठा का महत्व समझाया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपने शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की प्रस्तुति दी। मोठूका स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त विकास गुप्ता ने निरीक्षण किया और विद्यालय में प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यालय के प्राचार्य अनिल यादव ने बताया कि पीएम श्री योजना के तीन वर्षों के प्रभावी क्रियान्वयन से विद्यालयों में व्यापक एवं सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। इस योजना के माध्यम से शैक्षणिक, भौतिक एवं तकनीकी संसाधनों में 360 डिग्री सुधार सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में आधुनिक डिजिटल लैब्स विकसित की गई हैं, जो विशेष रूप से कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए हैं। प्रत्येक कक्षा में 65 इंच की स्मार्ट डिजिटल स्क्रीन स्थापित की गई है और पूरा परिसर वाई-फाई युक्त बनाया गया है, जिससे तकनीक-सक्षम शिक्षण को बढ़ावा मिला है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी भी उपलब्ध है। पीएम श्री योजना के अंतर्गत कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को टैब्स भी प्रदान किए गए हैं। विद्यालय में अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना से विद्यार्थियों को नवाचार और वैज्ञानिक सोच विकसित करने का अवसर मिल रहा है। इसके अतिरिक्त, सेल्फ-डिफेंस कक्षाओं का नियमित संचालन किया जा रहा है, जिससे छात्राओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा-बोध सुदृढ़ हुआ है। विशेष पहल के रूप में विद्यालय परिसर में बायोलॉजी पार्क के अंतर्गत ओपन लैब्स विकसित की गई हैं, जहां विद्यार्थी प्रकृति के बीच रहकर व्यावहारिक ज्ञान अर्जित कर रहे हैं। यह पहल गतिविधि-आधारित और अनुभवात्मक अधिगम को सशक्त बनाने में सहायक साबित हो रही है। इस अवसर पर डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, डिप्टी डीओ सन्देश सोलंकी, सीएमजीजीए देव वत्स और शारिका, सहित अन्य कई अध्यापकगण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर