फरीदाबाद : लंबित विकास कार्य जल्द होंगे पूरे : कृष्णपाल गुर्जर
ताजपुर गांव के ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्यमंत्री को सौंपा मांगपत्र
फरीदाबाद, 02 अगस्त (हि.स.)। बल्लभगढ़ क्षेत्र के ग्राम ताजूपुर के दर्जनों ग्रामीण रविवार को केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मिले और गांव के लंबे समय से रुके विकास कार्यों को लेकर उन्हें मांग पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने गांव में बारात घर निर्माण, सडक़ों के निर्माण और आंगनबाड़ी भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की।
ग्राम सरपंच पवन कुमार ने बताया कि ताजूपुर गांव में सरकार द्वारा स्वीकृत सामुदायिक बारात घर का निर्माण काफी समय पहले शुरू होना था। इसके लिए पंचायत का प्रस्ताव, प्रशासनिक स्वीकृति, सरकारी टेंडर और अन्य सभी आवश्यक सरकारी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार रुकावटें पैदा किए जाने के कारण निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि बारात घर बनने से गांव के लोगों को सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में बड़ी सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने मांग पत्र में गांव से निकलने वाले प्रमुख रास्तों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि ताजूपुर से जसाना और ताजूपुर से ढहकोला जाने वाले 27 और 33 फुट चौड़े रास्ते अभी कच्चे हैं। इन रास्तों को पक्का बनाए जाने की आवश्यकता है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा गांव में संचालित 2 आंगनबाड़ी केंद्रों में से केवल एक के पास सरकारी भवन है, जबकि दूसरी आंगनबाड़ी अभी भी भवन के अभाव में संचालित हो रही है। ग्रामीणों ने दूसरी आंगनबाड़ी के लिए भी सरकारी भवन बनवाने की मांग केंद्रीय मंत्री के सामने रखी। ग्रामीणों की सभी मांगों को सुनने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने उन्हें आश्वासन दिया कि गांव के सभी लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही संबंधित बीडीपीओ से फोन पर बात कर पंचायत की भूमि पर होने वाले कार्यों को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। सरपंच पवन कुमार ने कहा कि यदि बारात घर, सडक़ और आंगनबाड़ी भवन का निर्माण जल्द पूरा हो जाता है तो इससे गांव के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और वर्षों से लंबित विकास कार्यों का लाभ पूरे गांव को मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर