12 वर्षों में देश और फरीदाबाद ने विकास के नए आयाम स्थापित किए : कृष्ण पाल गुर्जर
सेक्टर-65 में केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में चला स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान
फरीदाबाद, 16 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 9 जून से 21 जून तक पूरे देश में विभिन्न जन-जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सेक्टर- 65 तथा सेक्टर- 60 में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रमुख लोगों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किए । श्री गुर्जर ने कहा कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किया है। पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, आधारभूत संरचना, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। इन्हीं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आधुनिक सडक़ नेटवर्क और एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं के कारण शहर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है। दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से फरीदाबाद को देश के विभिन्न हिस्सों से सीधे जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक बेहतर संपर्क सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर-65 से सीधा सडक़ संपर्क विकसित किया गया है। फरीदाबाद को बुलंदशहर और गंगा एक्सप्रेस-वे से जोडऩे की योजना को भी मंजूरी मिल चुकी है। कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि ग्रेटर नोएडा से संपर्क मजबूत करने के लिए यमुना नदी पर नया पुल निर्मित कर कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाया गया है। आश्रम से सराय तक सिग्नल-फ्री कॉरिडोर परियोजना को भी स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा कालिंदी कुंज क्षेत्र में लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा लगभग 500 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद को नोएडा, गाजियाबाद, लोनी, ट्रॉनिका सिटी तथा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से जोडऩे के लिए लगभग 60 किलोमीटर लंबे नए राजमार्ग की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज फरीदाबाद हरियाणा का ऐसा प्रमुख शहर बन चुका है, जिसे देश के विभिन्न हिस्सों से आधुनिक राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के माध्यम से जोड़ा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर