फरीदाबाद : ‘लटकाना-भटकाना और अटकाना’ कांग्रेस की संस्कृति : कृष्णपाल गुर्जर

 


विभागीय पोर्टल की समस्या को लेकर केंद्रीय मंत्री से मिले शहर के बिल्डर्स

फरीदाबाद, 02 जून (हि.स.)। चौथी मंजिल निर्माण को लेकर लंबे समय से बंद पड़े विभागीय पोर्टल की समस्या लेकर कई बिल्डरों ने सोमवार देर सायं केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से उनके सेक्टर-28 स्थित कार्यालय में मुलाकात की। बिल्डर्स को राहत दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री ने तुरंत अधिकारियों से बातचीत की। साथ ही एनआईटी-3 क्षेत्र में अवैध धार्मिक स्थलों को हटाए जाने के मामले में कांग्रेस नेताओं द्वारा की जा रही राजनीति पर भी नाराजगी जताई। दरअसल, ग्रेटर फरीदाबाद, ग्रीनफील्ड कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी और एचएसवीपी सेक्टरों के कई बिल्डर्स केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के कार्यालय पहुंचे थे। बिल्डर्स ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गुरुग्राम को छोडक़र फरीदाबाद सहित अन्य जिलों में चौथी मंजिल निर्माण की अनुमति दिए जाने के बावजूद करीब 35 दिनों से विभाग का ऑनलाइन पोर्टल नहीं खुला है। इस कारण निर्माण कार्यों की मंजूरी और अन्य प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं, जिससे बिल्डर्स और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिल्डर आशीष गुप्ता ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पोर्टल तुरंत खुल जाना चाहिए था, लेकिन विभागीय स्तर पर देरी होने से निर्माण कार्य अटक गए हैं। कृष्णपाल गुर्जर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित उच्च अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों से बात हो चुकी है, अगले दो से तीन दिनों के भीतर पोर्टल खोल दिया जाएगा, जिससे बिल्डर्स और संपत्ति मालिकों को राहत मिलेगी। इस दौरान कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार है, जहां लोगों की समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति ‘लटकाना, भटकाना और अटकाना’ रही है, जहां लोगों की फाइलें वर्षों तक लंबित रहती थीं और उन्हें समय पर मंजूरी नहीं मिलती थी। जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से काम कर रही है। एनआईटी-3 क्षेत्र में अवैध धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई पर कांग्रेस नेताओं द्वारा मौके पर पहुंचकर विरोध जताने और बयानबाजी करने के सवाल पर भी केंद्रीय मंत्री ने दो टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति चोर मचाए शोर जैसी हो गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरीदाबाद में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। चाहे कोई भी धर्म या समुदाय क्यों न हो, यदि कोई अवैध निर्माण सडक़, आवागमन या विकास परियोजनाओं में रुकावट बनेगा तो उसे हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य फरीदाबाद को बेहतर सडक़ संपर्क, आधुनिक सुविधाओं और विकास परियोजनाओं से जोडऩा है। रैपिड मेट्रो, नई सडक़ें और अन्य विकास योजनाओं के लिए जहां भी अवैध अतिक्रमण बाधा बनेंगे, उन्हें कानून के अनुसार हटाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक सरकारी जमीनों पर कब्जों को बढ़ावा दिया, जबकि वर्तमान सरकार शहर को व्यवस्थित और विकसित बनाने के लिए काम कर रही है। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि मोदी और नायब सैनी सरकार में भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को गलत काम करने के लिए दबाव नहीं डाला जाता, बल्कि ईमानदारी और नियमों के अनुसार काम करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के विकास में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शहर के विकास के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर