फरीदाबाद : कर्मचारी नेता ने किया मंत्री की एस्कॉर्ट् गाड़ी पर चढ़कर प्रदर्शन
फरीदाबाद, 05 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन शनिवार को उस समय और तेज हो गया, जब बड़ी संख्या में कर्मचारी हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के सेक्टर-16 स्थित कार्यालय पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कर्मचारी नेता स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की कमांडो एस्कॉर्ट गाड़ी के ऊपर चढ़ गए। पुलिस की चेतावनी के बाद कर्मचारी नेता नीचे उतरे। कर्मचारियों का कहना था कि सरकार उनकी आवाज दबाने के लिए एस्मा लगाने की बात कर रही है, लेकिन इससे उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि वे किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। उनका दावा है कि हड़ताल पूरी तरह संवैधानिक तरीके से की जा रही है। कर्मचारियों ने साफ कहा कि एस्मा लगाने की चेतावनी से वे डरने वाले नहीं हैं और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सफाई कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल छह अगस्त से चल रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि 13 मई को सरकार के साथ बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति बनी थी, लेकिन उन्हें लागू करने के लिए लिखित आदेश जारी नहीं किए गए। इसी वजह से कर्मचारियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कच्चे, ठेका और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, ठेका प्रथा खत्म करना और समान काम के लिए समान वेतन देना शामिल है। इसके साथ जोखिम भत्ता, सुरक्षा उपकरण, ईएसआई-ईपीएफ, न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी, एरियर, दुर्घटना में मुआवजा और मृतक कर्मचारी के आश्रित को नौकरी देने की मांग भी है। कर्मचारी नेता नरेश शास्त्री ने कहा कि सरकार बातचीत के दौरान कई मांगों पर सहमति जता चुकी है, लेकिन अब तक उन्हें लागू करने के ठोस आदेश नहीं मिले हैं। उनका कहना है कि केवल आश्वासन से आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। जब तक मांगों को लेकर लिखित आदेश जारी नहीं होते, तब तक प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर