फरीदाबाद : नगर निगम के जे.ई. ने ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता पदक
सरकारी सेवा के साथ खेल के क्षेत्र में भी रचा कीर्तिमान
फरीदाबाद, 20 जनवरी (हि.स.)। देहरादून में आयोजित आठवीं इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में फरीदाबाद नगर निगम के जूनियर इंजीनियर (जे.ई.) आशीष शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर नगर निगम और पूरे फरीदाबाद का नाम रोशन किया है। इस जीत पर मंगलवार को निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा सहित समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने जेई आशीष शर्मा को बधाई दी है। सरकारी सेवा में रहते हुए खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन का परिचय देते हुए जे.ई. आशीष शर्मा ने पूमसे स्पर्धा में उत्कृष्ट तकनीकी कौशल, संतुलन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। उनकी यह उपलब्धि न केवल खेल प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जिम्मेदार सरकारी पद पर रहते हुए भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन संभव है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में फरीदाबाद के कोच रघुविंदर चौधरी के मार्गदर्शन में तीन खिलाडिय़ों ने भाग लिया और तीनों ने पदक जीतकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। प्रतियोगिता की क्योरुगी स्पर्धा में मोनी प्रजापति एवं मानवी मिश्रा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं फरीदाबाद नगर निगम के जे.ई आशीष शर्मा ने पूमसे स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रकार फरीदाबाद ने प्रतियोगिता में कुल 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक जीतकर शहर को गौरवान्वित किया। नगर निगम फरीदाबाद के जे.ई आशीष शर्मा की उपलब्धि विशेष रूप से सराहनीय रही।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर