फरीदाबाद : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 10 अप्रैल (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 34 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कानपुर निवासी सुरज के रूप में हुई है। आरोपी को शुक्रवार अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार ग्रीन फील्ड कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 17 अगस्त 2025 को फेसबुक चलाते समय उसे स्टॉक मार्केट से संबंधित एक मास्टर क्लास का विज्ञापन दिखाई दिया। इसके बाद वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गया, जहां उसे निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया और अधिक लाभ का लालच दिया गया। ठगों के झांसे में आकर उसने कुल 34 लाख पांच हजार रुपए का निवेश किया, लेकिन उसे कोई भी राशि वापस नहीं मिली। इस संबंध में साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी पूछताछ के दौरान सामने आया कि ठगी के खाता में प्रयोग की गई ई-मेल व मोबाईल नंबर आरोपित अपने मोबाईल फोन में चला रहा था। साथ ही वह फोन में एपीके फाईल डाउनलोड कर आगे ठगो को फोन का एक्सेस देता था। वह बीए पास है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर