फरीदाबाद : आईपीओ में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, दो खाताधारक गिरफ्तार

 


फरीदाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। आईपीओ में निवेश का लालच देकर 20 लाख की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-43, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि उसे ठगों द्वारा एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां अन्य निवेशकों के मुनाफे से संबंधित जानकारी साझा की जाती थी। इसके बाद ठगों ने उसे एक मोबाइल एप का लिंक भेजकर एप डाउनलोड करवाया और उसका अकाउंट खुलवाया। ठगों ने उसको आईपीओ में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। झांसे में आकर उसने विभिन्न ट्रांजेक्शनों के माध्यम से कुल 20 लाख 41 हजार रुपये ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उसने लाभ सहित अपनी राशि वापस मांगी तो ठगों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना हृढ्ढञ्ज में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए विजय सिंह निवासी झांसी (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विजय सिंह खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था। उसके खाते में ठगी की राशि में से 14 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। वह 10वीं पास है तथा बेरोजगार है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। साइबर ठगी के एक अन्य मामले में करीब साढ़े चार करोड़ की ठगी करने वाले खाताधारक को साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अतुल कुमार निवासी दिल्ली के रुप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार 24 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-9, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी एक डेटिंग वेबसाइट पर एक युवती से बातचीत हुई, जिसके बाद व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से भी संपर्क बना रहा। युवती ने बताया कि वह और उसका भाई फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाते हैं। इसके बाद ठगों द्वारा उसका निवेश हेतु एक वेबसाइट पर अकाउंट बनवाया गया। अप्रैल से जून 2025 के बीच उसने विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 4.43 करोड़ रुपये निवेश कर दिये । जब उसने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो वह पैसे नहीं निकाल सका। इस पर साइबर थाना हृढ्ढञ्ज में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। आरोपित से पूछताछ में सामने आया कि वह खाताधारक है, उसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था। वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उसके खाते में ठगी की राशि के 7.5 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर