अवैध हथियार रखने वालों पर फरीदाबाद पुलिस का शिकंजा, पांच आरोपी गिरफ्तार

 


दो पिस्टल और तीन देसी कट्टों के साथ तीन जिंदा कारतूस बरामद

फरीदाबाद, 15 नवंबर (हि.स.)। शहर में अपराध पर अंकुश लगाने और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की अलग-अलग अपराध शाखाओं की टीमों ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, तीन देसी कट्टे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आम्र्स एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने तुषार निवासी छांयसा को सेक्टर-2 बल्लभगढ़ से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और लूट का मामला दर्ज है। इस संबंध में थाना शहर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, अपराध शाखा एवीटीएस सिकरोना की टीम ने मुकुल निवासी सेक्टर-58 को भनकपुर से अवैध देसी पिस्टल सहित गिरफ्तार किया। अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने अजय निवासी गांव जाजरू, सेक्टर-58 को गांव के नजदीक से एक अवैध देसी कट्टे के साथ काबू किया। इसी क्रम में अपराध शाखा एवीटीएस भूपानी की टीम ने आशीष निवासी बसेलवा कॉलोनी को खेड़ीपुल क्षेत्र से अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया, जबकि अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने साजन निवासी गांव मुजेसर को सूरजकुंड स्थित लेजर वैली पार्क से एक अवैध देसी कट्टे के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर