फरीदाबाद : अवैध हथियार सहित पांच व्यक्ति गिरफ्तार, चार देसी कट्टे बरामद

 


फरीदाबाद, 11 मई (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखाओं की विभिन्न टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार देसी कट्टे बरामद किये हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रोहित (21) निवासी गांव तिगांव फरीदाबाद को अवैध देसी कट्टा सहित गांव नीमका से गिरफ्तार किया है। इसी प्रकार एवीटीएस सिकरौना की टीम ने इस्लाम (28) निवासी जीवन नगर पार्ट-1 को गोच्छी फरीदाबाद से, अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने मोहित निवासी गांव अरवा थाना छायंसा फरीदाबाद को अवैध देसी कट्टा सहित भूपानी बाईपास रोड एरिया से गिरफ्तार किया है। वहीं अपराध शाखा उंचा गांव की टीम ने करण (22) निवासी कलंदर कालोनी फरीदाबाद को अवैध देसी कट्टा सहित सोहना पुल के नजदीक से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में बताया कि वह यह देसी कट्टा ताहिर(19) निवासी कलंदर कालोनी से चार हजार रुपये में खरीद कर लाया था। जिस पर कार्रवाई करते हुये क्राईम ब्रांच उंचा गांव की टीम ने ताहिर को कलंदर कालोनी से ही गिरफ्तार किया है। पांचो आरोपितों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत मामले दर्ज कर उन्हें आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर