फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार सहित तीन युवकों को दबोचा
फरीदाबाद, 16 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन देसी कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव धौज निवासी, मुस्तकिम को पाली क्षेत्र से एक देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया। इसी प्रकार अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने जुबेर निवासी आसियाना फ्लैट, सेक्टर-56, फरीदाबाद को राजा नाहर सिंह स्टेडियम, एनआईटी-2 फरीदाबाद के पास से एक देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया। वहीं क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने आरोपी बिजेंद्र को गिरदावर एन्क्लेव गंदा नाला पुलिया के पास से एक देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर