फरीदाबाद : 50 किलो गांजे के साथ पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
फरीदाबाद, 14 सितंबर (हि.स.)। बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने सोमवार को नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखी गांजे की बड़ी खेप पकड़ी। मामले में पुलिस ने फतेहाबाद निवासी जोबनप्रीत, उसकी पत्नी अनीता और महम निवासी नितिन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजा कमर्शियल क्वांटिटी में है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजे की यह खेप आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से लेकर आए थे और इसे महम में सप्लाई किया जाना था। जीआरपी पुलिस के मुताबिक, रेलवे स्टेशन पर महिला सहायक उप निरीक्षक ललिता कुमारी अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग नशीले पदार्थ की खेप लेकर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्टेशन पर संदिग्ध लोगों की निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद दो प्लास्टिक के कट्टों पर पुलिस को शक हुआ। कट्टों को खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे का वजन कराया तो कुल मात्रा करीब 50 किलो निकली। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बरामद नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से लाया गया था। इसे महम में किसी व्यक्ति को सप्लाई किया जाना था। अब जीआरपी यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किस व्यक्ति से लिया गया था और महम में इसे किसे सौंपा जाना था। जीआरपी अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी पहले भी गांजे की सप्लाई कर चुके हैं या नहीं और इस नेटवर्क में इनके अलावा कौन-कौन लोग शामिल हैं। जीआरपी डीएसपी राजेश चेची के अनुसार, मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर