फरीदाबाद : पत्नी व बच्चों पर ज्वलनशील पदार्थ छिडक़कर आग लगाने का आरोप, बेटा झुलसा
फरीदाबाद, 15 नवंबर (हि.स.)। बाटा चौक स्थित रामनगर में एक महिला ने अपने पति पर सोते समय उस पर और बच्चों पर ज्वलनशील पदार्थ छिडक़कर आग लगाने का आरोप लगाया है। घटना में सात वर्षीय बेटा वंश झुलस गया, जिसे बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता रेणु (35) ने बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से पति से अलग चार बच्चों के साथ किराये के मकान में रह रही है। उसका आरोप है कि पति नशे का आदी है और पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुका है। रविवार को वह अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी, जबकि बड़ा बेटा काम पर गया हुआ था। आरोप है कि पति ने खिडक़ी से पर्दा हटाकर उन पर ज्वलनशील पदार्थ छिडक़ा और आग लगा दी। परिवार ने किसी तरह खुद को बचाया, लेकिन वंश के पैर झुलस गए।महिला का आरोप है कि पति पिछले तीन दिनों से उसके कमरे के आसपास आ रहा था और उसे जबरन अपने साथ रखना चाहता है। वहीं, संजय कॉलोनी चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी मिली है। आग लगाने में किस पदार्थ का इस्तेमाल हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है। डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर