फरीदाबाद : घर से आभूषण व नकदी चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 08 सितंबर (हि.स.)। घर से आभूषण व नकदी चोरी करने के मामले में क्राईम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम द्वारा दो आरोपितों को जेल से प्रोडक्शन को लेकर गिरफ्तार किया गया। आरोपितों की पहचान रहीश(35) व(50) शकील निवासी जिला अलीगढ उत्तर प्रदेश के रुप में हुई है। मंगलवार को चार दिन का रिमांड पूरा होने के उपरांत आरोपितों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपितों से छह लाख 80 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सरस्वती कालोनी निवासी एक महिला ने थाना पल्ला में दी अपनी शिकायत में बताया था कि पांच अगस्त 2026 को वह अमरनाथ यात्रा पर गई थी। जब वह 11 अगस्त को वापस घर लौटी तो घर से आभूषण व डेढ़ लाख रुपए नकदी चोरी हुए मिले। जिसकी शिकायत पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कार्रवाई शुरू की गई थी। उन्होंने आगे बताया कि दोनों आरोपितों को अपराध शाखा सेक्टर 16 की टीम ने एक सितंबर को जेल से प्रोडक्शन पर लेकर गिरफ्तार किया और चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर घटनाक्रम के संबंध में कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी दोस्त हैं, उन्होंने आठ व नौ अगस्त की रात को मिलकर सरस्वती कॉलोनी स्थित शिकायतकर्ता के मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।शकील से तीन लाख 30 हजार रुपए व रहीश से तीन लाख 50 हजार रुपये बरामद किये गये है। आरोपी मकान पर ताला लगा देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे और वापिस अलीगढ चले जाते थे। इसके उपरांत मामला शांत होने पर वापिस आकर रैकी कर फिर से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। उन्होंने और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पूछताछ में थाना पल्ला क्षेत्र से करीब 12 चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ है। आरोपी शकील व रहीश पर अलीगढ़ में काफी मामले मामले दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर