फरीदाबाद : होटल में खाने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, मालिक समेत कई जख्मी

 


फरीदाबाद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद के गौछी स्थित एक होटल पर रोटी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि बिना पैसे के रोटी देने से मना करने पर छह युवकों ने ऑनर को जमकर पीटा और चाकू मारकर उसको घायल कर दिया। उसको इलाज के लिए दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संजय कॉलोनी चौकी पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत में होटल मालिक मोसिन ने बताया कि वह गोछी इलाके में अल करीम के नाम से होटल चलाते हैं। सोमवार रात कुछ युवक उनके होटल पर आए और रोटी की मांग करने लगे। होटल पर ज्यादा भीड़ होने के कारण समय लग रहा था। युवक बार -बार उनसे जल्दी रोटी देने की मांग कर रहे थे। जब उन्होंने पहले उनसे पैसे की मांग की, तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया । जिसके बाद उन्होंने भी रोटी देने से मना कर दिया। मोसिन के भाई आसिफ ने बताया कि कुछ ही समय बाद छह युवक होटल पर आए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आसिफ को चाकू मारा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद वह आसिफ को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां से उनको दिल्ली रेफर किया गया है। आसिफ ने बताया कि वह उनमें से दो को पहचानते हैं, जिनके नाम अनवर और गोली है। संजय कॉलोनी चौकी इंचार्ज कैलाश ने बताया कि युवक रोटी लेने के लिए आए थे, जिसको लेकर ये पूरा झगड़ा हुआ है। होटल मालिक का आरोप है कि बिना पैसों के रोटी की मांग की जा रही थी। दूसरी तरफ से भी एक युवक अस्पताल में भर्ती है। फिलहाल होटल मालिक की तरफ से शिकायत मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर