फरीदाबाद : होटल बुकिंग के नाम पर ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद, 10 मई (हि.स.)। होटल बुकिंग के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी सैम खान(22), मोहम्मद आदिल (22) व रोबिन(27) के रुप में हुई है। आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-85 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में बताया कि 21 फरवरी को उसने वानप्रस्थ आश्रम की वेबसाइट पर उपलब्ध नंबर पर बुकिंग के लिए कॉल किया, कॉल अनुसार शिकायतकर्ता ने बुकिंग के नाम पर एक लाख 71 हजार 949 रुपये की राशि दो अलग-अलग खाता में डाल दी। जिसके बाद ना तो बुकिंग हुई ना ही पैसे वापस मिले। जिस शिकायत पर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों से खुलासा हुआ है कि तीनों वानप्रस्थ आश्रम नाम से एक साइट को ऑपरेट करते थे। उनके एक साथी द्वारा यह साइट उपलब्ध कराई गई थी। उस साइट पर उपलब्ध फोन नंबरों के माध्यम से कस्टमर से बात कर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे और ठगी के पैसों को म्यूल अकाउंट पर ट्रांसफर कराकर बाद में गेमिंग एप्स के माध्यम से ट्रांसफर कर लेते हैं। आदील व रोबिन 8वीं व सैम खान 12वीं पास है। मोहम्मद आदील व रोबिन खान दोनों भाई है व सैम दोनों का दोस्त है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर